गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग का 51 मैचों के साथ भव्य समापन; यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह ने की व्यवस्थाओं और पारदर्शिता की सराहना।
गाजीपुर: गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (GDCA) के तत्वावधान में आयोजित गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग के तीसरे संस्करण का शानदार एवं सफल समापन हो गया। समय की कमी के बावजूद दो अलग-अलग मैदानों पर गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग के कुल 51 मुकाबले बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए।

लीग के समापन के अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने आयोजन की भव्यता, अनुशासन और खिलाड़ियों को दी गई सुविधाओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस लीग ने जनपद में क्रिकेट आयोजन का एक नया मानक स्थापित किया है। प्रतियोगिता में शामिल टीमों के मैनेजरों और खिलाड़ियों ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। पहले दिन से लेकर अंतिम मैच तक खिलाड़ियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला हाइजीनिक भोजन, स्वच्छता और बेहतरीन मैदान सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक दिन भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।

लीग के सफल संचालन के लिए संजीव कुमार सिंह ने गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह के कुशल नेतृत्व को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने पूरी प्रतियोगिता की बारीकी से देखरेख करने और इसे सफल बनाने के लिए ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के अध्यक्ष वैभव सिंह, रंजन, मोहम्मद आरिफ और डॉ. यू.सी. राय की भी भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) जनपदों में क्रिकेट के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर पर्याप्त फंड और सहयोग प्रदान कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूपीसीए की ऑपरेशन टीम लगातार इस बात पर नजर रखती है कि चयन और आयोजन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे—जहां बिना किसी सिफारिश या ‘सोर्स’ के केवल खिलाड़ी की प्रतिभा के दम पर उसे आगे बढ़ने का अवसर मिले।

युवा क्रिकेटरों और उनके अभिभावकों को संदेश देते हुए संजीव कुमार सिंह ने कहा कि खेल में ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए धैर्य और अनुशासन सबसे आवश्यक हैं। उन्होंने अभिभावकों और बच्चों से अपील की कि वे किसी भी तरह की हड़बड़ाहट न दिखाएं और अपनी मेहनत पर विश्वास रखें, क्योंकि पारदर्शी व्यवस्था के तहत हर योग्य खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा साबित करने का पूरा मौका अवश्य मिलेगा।

