गाजीपुर क्रिकेट लीग 2026 फाइनल मुकाबले में अजंता एकेडमी ने वेदांता एकेडमी को दी शिकस्त- शाश्वत सिंह

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के तत्वावधान में गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (GDCA) द्वारा आयोजित ‘गाजीपुर क्रिकेट लीग 2026’ का फाइनल मुकाबला स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज मैदान पर खेला गया। खिताबी भिड़ंत में शानदार प्रदर्शन करते हुए अजंता एकेडमी ने वेदांता एकेडमी को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।


मैच से पूर्व अंपायर स्मृति राय और भावेश के साथ रंजन सिंह ने पिच का निरीक्षण किया। टॉस जीतकर वेदांता एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन अजंता के गेंदबाजों के सामने उनकी एक न चली और पूरी टीम 93 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अजंता एकेडमी की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए शिवम यादव ने 4 विकेट झटके, जबकि अमित साहनी और मो. आरिफ ने 2-2 विकेट हासिल किए।


94 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अजंता एकेडमी की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी की और महज 16 ओवर में 93 रन के स्कोर को पार कर जीत दर्ज की। अजंता की जीत में आयुष ने 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर अहम योगदान दिया। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अंकित को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ (सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज) तथा पवन राय को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि यूपी टी-20 के को-चेयरमैन संजीव कुमार सिंह रहे। जीडीसीए अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने बताया कि यह गाजीपुर लीग का लगातार तीसरा संस्करण है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि मंडल के खिलाड़ी कड़ी मेहनत करें। इसी लीग के प्रदर्शन के आधार पर दो टीमें तैयार की जाएंगी, जिनके बीच फरवरी माह में मुकाबला कराया जाएगा। वहीं, मुख्य अतिथि संजीव कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगामी मैचों में खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ने का पूरा मौका दिया जाएगा।
इस अवसर पर जीडीसीए अध्यक्ष शाश्वत सिंह, गाजीपुर सीपीसी के अध्यक्ष वैभव सिंह, स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के सतीश सुजीत, राजेश चतुर्वेदी, विजय ओझा, रामधारी राय और संजय राय सहित कई खेल प्रेमी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Add a Comment

Your email address will not be published.

Recent Posts