वेदनिधि फाउंडेशन ने 70 जरूरतमंद महिलाओं को वितरित की दीपावली किट, महिला आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

महोबा। दीपावली के पावन पर्व पर खुशियां बांटने और समाज के जरूरतमंद वर्ग को उत्सव से जोड़ने के उद्देश्य से वेदनिधि फाउंडेशन द्वारा ग्राम ग्योड़ी, ब्लॉक कबरई, जनपद महोबा में दीपावली किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 70 जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को दीपावली किट वितरित की गई। किट में मिट्टी के दीपक, तेल, बाती एवं मिठाई शामिल थीं। कार्यक्रम में महिलाओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।


इस अवसर पर वेदनिधि फाउंडेशन की अध्यक्ष जागृति गुप्ता ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सशक्तीकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है। उन्होंने महिलाओं को केवल सहायता पर निर्भर रहने के बजाय अपने कौशल और मेहनत के माध्यम से आजीविका के अवसर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सिलाई, जैविक खाद निर्माण, जैविक खरपतवारनाशक निर्माण जैसे रोजगारपरक कौशल सीखने पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि वेदनिधि फाउंडेशन बुंदेलखंड क्षेत्र में महिलाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन के लिए लगातार विभिन्न प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। फाउंडेशन का प्रयास है कि ग्रामीण महिलाएं हुनरमंद बनें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।



फाउंडेशन की मेंटर एवं आईपीएस अधिकारी मृणालिनी श्रीवास्तव ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने सभी महिलाओं को दीपावली की हार्दिक बधाई देते हुए उनके सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने समृद्ध बुंदेलखंड के विजन को साझा करते हुए कहा कि महिलाओं का कौशल विकास और आर्थिक सशक्तीकरण ही खुशहाल एवं समृद्ध बुंदेलखंड की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सिद्ध नारायण यादव, ग्राम पंचायत सचिव सर्वेश कुमार मिश्रा एवं लगभग 30 ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त फाउंडेशन के सचिव रामचंद्र पाठक, मेंटर एवं सेवानिवृत्त सरकारी शिक्षक कल्का प्रसाद गुप्ता तथा अतुल कुमार ने कार्यक्रम में सहभागिता की। उपस्थित ग्रामीणजनों ने फाउंडेशन के इस सामाजिक प्रयास की सराहना की।

वेदनिधि फाउंडेशन ने भविष्य में भी ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार एवं सामाजिक सशक्तीकरण से जोड़ने के अपने संकल्प को दोहराया।

Add a Comment

Your email address will not be published.

Recent Posts